जांजगीर चांपा
Trending

जागे जिम्मेदार नेता

जांजगीर-चांपा :  जिले में लंबे समय से पोस्टरबाज़ी और दिखावटी राजनीति पर जाज्वल्य न्यूज़ ने सवाल उठाए थे। नेताओं के बड़े-बड़े पोस्टर तो जगह-जगह लगते रहे, मगर असली विकास कार्यों की अनदेखी होती रही। इस मुद्दे ने जनता के बीच आग की तरह असर दिखाया और आखिरकार नेताओं को भी जागना पड़ा।

शनिवार को नगरपालिका जांजगीर-नैला में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव पहुंचे। मंच पर विधायक ब्यास कश्यप और नगर पालिका अध्यक्ष रेखा गढ़वाल ने खुद स्वीकार किया कि शहर को और विकास की ज़रूरत है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने सार्वजनिक रूप से कई मांगें रखीं। इन मांगों पर डिप्टी सीएम ने उदारता दिखाते हुए जिला मुख्यालय को अतिरिक्त 5 करोड़ रुपए की सौगात देने की घोषणा की।

करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन

इस अवसर पर 50 लाख की लागत से अटल परिसर एवं चौपाटी का लोकार्पण किया गया। साथ ही 10.84 करोड़ से एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण, 4.37 करोड़ से नालंदा परिसर के कार्य और 1.97 करोड़ से पाइप लाइन विस्तार का भूमिपूजन हुआ। इसके अलावा 2.50 करोड़ नगर पालिका भवन निर्माण और 2.50 करोड़ अन्य विकास कार्यों के लिए भी स्वीकृति दी गई।

बरसात बाद सुधरेंगी सड़कें

डिप्टी सीएम अरुण साव ने मंच से घोषणा की, “बरसात के बाद जिले की सभी जर्जर सड़कों का तेजी से निर्माण और मरम्मत कार्य किया जाएगा। जनता की अपेक्षाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और जांजगीर-नैला नगर को विकास की नई पहचान मिलेगी।”

जनता की प्रतिक्रिया

कार्यक्रम में मौजूद भीड़ ने मंत्री की घोषणाओं पर तालियों और नारों से स्वागत किया। लोगों ने कहा कि पहले तक विकास कार्यों की मांगों को नजरअंदाज किया जाता था, लेकिन अब मंच से ही घोषणाएं हुईं। इससे शहरवासियों को लंबे समय से चल रही परेशानियों से बड़ी राहत मिलेगी और यह साबित हुआ कि पोस्टरों से नहीं, असली विकास कार्यों से जनता का भरोसा जीता जा सकता है।

 

Back to top button