विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति के तत्वावधान में गोपाष्टमी पर गौ पूजन और हनुमान चालीसा पाठ, मातृशक्ति सहित उमड़ा सनातनी समाज।

जांजगीर की जाज्वलया धानी में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपराओं के संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि इसी दिन बाल्यकाल में भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गौचारण की जिम्मेदारी संभाली थी। यही वजह है कि हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष महत्व माना जाता है। भारतीय संस्कृति में गौ माता को पूजनीय स्थान प्राप्त है और गोपाष्टमी का दिन गौ सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प को दोहराने का अवसर माना जाता है। इसी धार्मिक भावना के साथ आयोजित हनुमान चालीसा अमृत रस पाठ में पुरुषों के साथ मातृशक्ति की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक चेतना को जागृत करने के साथ नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना है। खास बात यह है कि विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति की इस पहल को अब नियमित रूप दिया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक मंगलवार को जांजगीर के अलग-अलग चौक-मोहल्लों और देवालयों में सामूहिक हनुमान चालीसा अमृत रस पाठ आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में आगामी मंगलवार को शाम 6 बजे वीआईपी कॉलोनी स्थित गौरीशंकर मंदिर में हनुमान चालीसा अमृत रस पाठ का आयोजन होगा। आयोजकों ने समस्त सनातनी समाज, मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म और भक्ति के इस आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।










