विशाल नशा मुक्ति रैली के माध्यम से दिया नशामुक्त का संदेश
गायत्री परिवार ने जगाई समाज में चेतना की अलख


जांजगीर-चाम्पा। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ शिवरीनारायण में 25 मई से 28 मई तक आयोजित चार दिवसीय आवासीय “व्यक्तित्व निर्माण युवा शिविर” के तृतीय दिवस एक विशाल एवं प्रभावशाली व्यसन मुक्ति रैली का आयोजन किया गया। इस रैली ने न केवल शिवरीनारायण नगर में बल्कि समस्त क्षेत्र में नशामुक्ति का एक सशक्त संदेश प्रसारित किया। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त नशे की बुराई के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था। रैली के माध्यम से उपस्थित जनसमूह तथा आम नागरिकों से हृदय से निवेदन किया गया कि वे बीड़ी, सिगरेट, शराब, गुटखा, तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन सदा के लिए त्याग दें। साथ ही उन्हें प्रेरित किया गया कि वे एक स्वस्थ, संस्कारित एवं आदर्श जीवन की ओर अग्रसर हों, जिससे उनका परिवार, समाज और राष्ट्र सबल बने। रैली का सबसे हृदयस्पर्शी एवं प्रभावशाली क्षण था गायत्री परिवार के समर्पित कार्यकर्ताओं द्वारा की गई नाटकीय प्रस्तुति।कार्यकर्ताओं ने एक पुतले की अर्थी तैयार कर उसे चार कंधों पर उठाया और एक मार्मिक दृश्य प्रस्तुत किया। इस नाटकीय प्रस्तुति में एक सच्ची-सी कहानी को जीवंत रूप दिया गया एक 30 वर्षीय युवक, जो शराब और सिगरेट की गहरी लत में डूब चुका था। वह प्रतिदिन नशे में चूर होकर घर लौटता और अपनी पत्नी तथा मासूम बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक यातनाएँ देता था। घर में अन्न का अभाव था, बच्चे भूखे सोते थे और पत्नी आँसुओं में रातें गुज़ारती थी। नशे ने उस युवक की आर्थिक स्थिति को पूरी तरह बर्बाद कर दिया और अंततः असमय ही उसकी मृत्यु हो गई — परिवार को गहरे आर्थिक एवं सामाजिक संकट में छोड़कर।
इस प्रस्तुति को देखकर वहाँ उपस्थित अनेक लोगों की आँखें नम हो गईं और एक गहरा संदेश सबके मन-मस्तिष्क में अंकित हो गया। कार्यक्रम में गायत्री शक्तिपीठ शिवरीनारायण की मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्रीमती आशा सुल्तानिया, ट्रस्टी छतराम श्रीवास, पवन सुल्तानिया, देवेंद्र अग्रवाल, श्रीमती पूर्णिमा श्रीवास, श्रीमती चंद्रकांती वर्मा, धनंजय श्रीवास, अरुण कौशिक, विजय चौहान, राजेश्वर कश्यप, श्रीमती अर्चना केशरवानी, श्रीमती मीनाक्षी सोनी, जगदीश चंद्र साहू, के. बी. साहू, अमित राठौर, संजय राठौर, श्रीमती कविता कश्यप, श्रीमती दीपांजलि साहू, श्रीमती तिलांजलि साहू एवं युमन देवांगन सहित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में टोली नायक श्रीमती कुंती साहू के नेतृत्व में सहयोगी श्रीमती राधिका कश्यप, श्रीमती कल्याणी राजपूत एवं श्री चेमन साहू का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।
माता शबरी चौक पर हुआ अर्थी दहन
रैली का समापन माता शबरी चौक, शिवरीनारायण पर एक भावपूर्ण एवं प्रतीकात्मक कार्यक्रम के साथ हुआ। यहाँ पुतले की अर्थी का विधिवत दहन किया गया, जो नशे की बुराई के अंत का प्रतीक था। इस अवसर पर उपस्थित समस्त जनसमूह को नशामुक्ति का दृढ़ संकल्प दिलाया गया कि — “हम जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
गायत्री परिवार का आह्वान
गायत्री परिवार ने समाज के प्रत्येक वर्ग — युवा, महिला, वृद्ध — से यह आग्रह किया है कि नशा न केवल व्यक्ति को, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को नष्ट करता है। एक नशामुक्त समाज ही एक सुखी, समृद्ध और संस्कारित राष्ट्र की नींव है। इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और एक उज्जवल भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें।












