आपसी विवाद से हुआ खूनी खेल
जांजगीर : थाना जांजगीर क्षेत्र में रविवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शारदा मंगलम के पीछे किराए के मकान में रह रहे जगदीश देवांगन और उसकी पत्नी गायत्री देवांगन (35 वर्ष) के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर पत्नी की मौत हो गई।
हमले के बाद आरोपी पति ने खुद की नस काटकर आत्महत्या की कोशिश की। सूचना मिलने पर जांजगीर पुलिस मौके पर पहुँची। जब घर का दरवाज़ा अंदर से बंद मिला तो पुलिस ने उसे तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। उस समय पति-पत्नी बेहोशी की हालत में थे।
दूसरी शादी के बाद बढ़े विवाद
पड़ोसियों और मकान मालिक के मुताबिक, दोनों ने दूसरी शादी की थी और किराए के मकान में रहते थे। अक्सर इनके बीच विवाद की स्थिति बनती रहती थी। घर मालिक का कहना है कि लगातार झगड़े के कारण मोहल्ले में भी लोग परेशान रहते थे और आज यह विवाद खौफनाक रूप ले लिया।
आरोपी का इलाज जारी
पत्नी की मौत हो चुकी है, जबकि आरोपी जगदीश देवांगन का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग घरेलू कलह से उपजे इस हादसे की चर्चा कर रहे हैं।












