आदतन बदमाश अजय अनंत 01 वर्ष के लिए जिला बदर

जांजगीर-चांपा थाना चांपा क्षेत्र का आदतन बदमाश अजय अनंत निवासी कोटाडबरी को कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने 01 वर्ष के लिए जिला बदर कर दिया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 एवं 5 के तहत की गई है।जानकारी के अनुसार आरोपी अजय अनंत के खिलाफ अब तक 10 आपराधिक प्रकरण तथा 08 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दर्ज की जा चुकी है। उस पर लूट, चोरी, गाली-गलौज, धमकी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं। आरोपी की हरकतों से क्षेत्र के लोग लगातार भय और आक्रोश में जी रहे थे।
आरोपी के विरुद्ध लगातार मिल रही शिकायतों और आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए प्रशासन ने उसे जिला बदर करने का निर्णय लिया। आदेश के तहत अजय अनंत को जांजगीर-चांपा जिले सहित सक्ती, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा और बलौदा बाजार जिलों से भी 01 वर्ष की अवधि के लिए निष्कासित किया गया है।












