मुड़पार नहर कार्य में अनियमितता का आरोप, भाजपा पदाधिकारियों ने सीएम व प्रभारी मंत्री को सौंपी शिकायत।

मुड़पार नहर कार्य में अनियमितता का आरोप, भाजपा पदाधिकारियों ने सीएम व प्रभारी मंत्री को सौंपी शिकायत
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ मंडल अंतर्गत मुड़पार शाखा (सेमरा से धुरकोट) नहर के नवीनीकरण एवं नवीन निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री को लिखित शिकायत सौंपी है।शिकायत में बताया गया है कि लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे नहर नवीनीकरण कार्य में ठेकेदार द्वारा गंभीर अनियमितताएं बरती जा रही हैं। आरोप है कि कार्य को आनन-फानन में कराते हुए गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है, जिससे शासन के धन के दुरुपयोग की आशंका जताई गई है।भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों को पूर्व में अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं और उनकी संभावित संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है।मामले को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखी जा रही है। भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।













