एवरेस्ट विजेता अमिता श्रीवास की घर वापसी, चाम्पा ने अपनी गौरवशाली बेटी का किया भव्य स्वागत

एवरेस्ट विजेता अमिता श्रीवास की घर वापसी, चाम्पा ने अपनी गौरवशाली बेटी का किया भव्य स्वागत
जांजगीर-चांपा। जिले के चाम्पा शहर की बेटी अमिता श्रीवास विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने के बाद स्वस्थ होकर अपने गृह नगर लौट आई हैं। अमिता ने 22 मई को 8,848 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट शिखर पर तिरंगा फहराकर इतिहास रचा और जांजगीर-चांपा सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया।
हालांकि एवरेस्ट अभियान से लौटते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू कर उन्हें नेपाल के काठमांडू स्थित नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के बाद स्वास्थ्य लाभ लेकर अमिता अपने घर पहुंचीं।
चाम्पा पहुंचने पर नगरवासियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। फूल-मालाओं, जयघोष और शुभकामनाओं के बीच लोगों ने उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। अमिता ने अपनी मेहनत, साहस और दृढ़ संकल्प के दम पर दुनिया की सबसे कठिन पर्वत चोटियों में शामिल माउंट एवरेस्ट को फतह कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
अमिता श्रीवास की सफलता न केवल जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि मजबूत इरादों और अथक प्रयासों से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है तथा लोग उन्हें छत्तीसगढ़ की गौरवशाली बेटी के रूप में सम्मानित कर रहे हैं।












