News

प्रदेश भर की वकील रायपुर में हो रहे इकठ्ठा, धरना स्थल से निकालेंगे रैली सी एम हाउस की ओर करेगें कुच।

जांजगीर-चांपा::जाज्वल्य न्यूज़::छत्तीसगढ़ में नायब तहसीलदार और वकीलों के बीच हुआ विवाद थमने के बजाय और बए़ता ही दिख रहा है। रायगढ़ में मारपीट से उपजे विवाद के बाद कार्रवाई का विरोध, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, प्रदेश के आयोग व मंडलों में सिर्फ वकीलों को ही अध्यक्ष और सदस्य बनाने की मांग को लेकर राज्य भर के वकील शुक्रवार को रायपुर में महारैली कर रहे हैं।
प्रदेशभर से पहुंचे वकील सीएम हाउस और राजभवन तक रैली निकालकर ज्ञापन भी सौंपेंगे। इससे पहले वकीलों ने राज्य शासन को मांग पत्र सौंपकर 21 मार्च तक मांगें पूरी करने की चेतावनी दी थी।

राजधानी रायपुर में महारैली का आह्वान छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने किया है। इसके लिए विभिन्न जिलों के वकील दोपहर बाद 3 बजे बूढ़ा तालाब में एकत्र होंगे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल वहाब खान ने बताया कि उनके इस धरना और विरोध-प्रदर्शन को प्रदेश के सभी जिलों के अधिवक्ता संघ, तहसील और राजस्व न्यायालय के अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने समर्थन दिया है। उन्होंने सभी वकीलों को रैली में एकत्र होकर एकजुटता दिखाने की अपील भी की है।

एकतरफा कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं वकील

रायगढ़ में वकीलों के साथ नायब तहसीलदार और कर्मचारियों से हुए विवाद के बाद कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संघ ने प्रदेशव्यापी हड़ताल किया था। पुलिस ने इस मामले में वकीलों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की थी। इसके बाद भी एक सप्ताह तक राजस्व न्यायालयों में तालाबंद कर दिया गया। इसके साथ ही प्रदेश भर के वकील भी उग्र हो गए और उन्होंने आंदोलन शुरू कर दिया। सड़क पर उतर कर धरना-प्रदर्शन और हाईकोर्ट में राजस्व भ्रष्टाचार के खिलाफ पुतला दहन कर चीफ जस्टिस से शिकायत की गई। इसके साथ ही वकीलों ने इस मामले में जनहित याचिका भी लगा दी है। अब वकीलों के खिलाफ दर्ज केस वापस लेने की मांग प्रदेश भर के वकील कर रहे हैं। साथ ही राजस्व अफसरों की संपत्ति की जांच की भी मांग की जा रही है।

प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग

विरोध प्रदर्शन के लिए बूढ़ा तालाब के पास एकत्र होकर वकील रैली शुरू करेंगे, जो मुख्यमंत्री और राजभवन की ओर कूच करेगी। इस दौरान वकीलों की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

आयोगों-मंडलों में सिर्फ वकीलों को मिले मौका

इस महारैली में वकीलों ने एक नई मांग भी शामिल की है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल वहाब खान का कहना है कि प्रदेश के विभिन्न आयोग और मंडल में अध्यक्ष पद के साथ ही सदस्यों के रूप में सिर्फ वकीलों को ही मौका मिलना चाहिए।

Back to top button