चांपा की बेटी अमिता श्रीवास ने फतह किया माउंट एवरेस्ट, ऑक्सीजन की कमी से बिगड़ी तबीयत, काठमांडू में जारी इलाज।

चांपा की बेटी अमिता श्रीवास ने फतह किया माउंट एवरेस्ट, ऑक्सीजन की कमी से बिगड़ी तबीयत, काठमांडू में जारी इलाज
जांजगीर-चांपा जिले के चांपा नगर की बेटी और चैंपियन पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। करीब 8,848.86 मीटर ऊंची इस दुर्गम चोटी पर तिरंगा फहराकर अमिता ने साहस, मेहनत और दृढ़ संकल्प की मिसाल पेश की है।अमिता श्रीवास वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग में सुपरवाइजर पद पर पदस्थ हैं। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने पर्वतारोहण के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान बनाई है। इससे पहले भी वह अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को फतह कर चुकी हैं। अब माउंट एवरेस्ट पर सफलता हासिल कर उन्होंने प्रदेश की बेटियों के लिए नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।हालांकि एवरेस्ट अभियान के दौरान अत्यधिक ऊंचाई और ऑक्सीजन की कमी के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया। फिलहाल वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।मामले की जानकारी मिलते ही विष्णुदेव साय ने अमिता श्रीवास के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए अधिकारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता ने अपने अदम्य साहस और कठिन परिश्रम से पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।अमिता श्रीवास की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर चांपा सहित पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने उनकी सफलता को प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।










