News

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के जांजगीर आगमन पर अनुज शर्मा का स्वागत बैनर बना चर्चा का विषय

हरीश कुमार राठौर

जांजगीर-चाम्पा। जिले में 22 दिसंबर को आयोजित भाजपा के जनादेश कार्यक्रम के दौरान एक रोचक दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे आयोजन में अलग ही रंग भर दिया। जहां एक ओर केंद्रीय मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्वागत में बड़े-बड़े फ्लेक्स और बैनर लगाए गए थे, वहीं दूसरी ओर एक ऐसा बैनर भी नजर आया जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यह बैनर था छत्तीसगढ़ी कलाकार, पद्मश्री सम्मानित और विधायक अनुज शर्मा के स्वागत का। ग्राम अफरीद निवासी और अनुज शर्मा के प्रशंसक राजू राठौर द्वारा लगाया गया यह फ्लेक्स देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया। खास बात यह रही कि फ्लेक्स में भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें मौजूद थीं, लेकिन स्वागत की पंक्तियां खास तौर पर अनुज शर्मा के नाम लिखी गई थीं। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने जब यह बैनर देखा तो वे रुककर पढ़ने लगे और आपस में इसकी चर्चा करने लगे। कई लोगों ने इसे अनुज शर्मा की लोकप्रियता का प्रतीक बताया, तो कुछ ने इसे उनके प्रति प्रशंसकों के गहरे लगाव का उदाहरण माना। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजू राठौर अनुज शर्मा के बेहद करीबी माने जाते हैं। जब भी अनुज शर्मा का जिले में आगमन होता है, राजू राठौर अक्सर उनके साथ नजर आते हैं और उनके स्वागत में आगे रहते हैं। कुल मिलाकर, राजनीतिक आयोजन के बीच अनुज शर्मा के नाम का यह बैनर न केवल आकर्षण का केंद्र बना, बल्कि यह भी दिखा गया कि जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ अनुज शर्मा की व्यक्तिगत लोकप्रियता भी किसी से कम नहीं है।

Back to top button