News

नालसा की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पैरालीगल वॉलिंटियर्स को प्रशिक्षण।

 

नालसा की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पैरालीगल वॉलिंटियर्स को प्रशिक्षण

 

जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर भवन में पैरालीगल वॉलिंटियर्स के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानूनी सहायता पहुंचाने के साथ शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना रहा।कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोज कुमार कुशवाहा ने की। इस दौरान प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी जांजगीर अंजू कंवर सहित जिले के समस्त पैरालीगल वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।

सचिव मनोज कुमार कुशवाहा ने कहा कि पैरालीगल वॉलिंटियर्स विधिक सेवा व्यवस्था और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। नालसा की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने तथा जरूरतमंद और पीड़ित लोगों को समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।प्रशिक्षण के दौरान पैरालीगल वॉलिंटियर्स को नालसा की विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य, पात्र हितग्राहियों की पहचान और योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं को केवल प्रचार-प्रसार तक सीमित न रखते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।सचिव ने पैरालीगल वॉलिंटियर्स को प्रत्येक योजना के लिए कार्ययोजना तैयार करने, पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान करने तथा उन्हें विधिक सहायता एवं संबंधित शासकीय योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले कई लोग अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता से अनजान होते हैं। ऐसे लोगों तक जानकारी पहुंचाना और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तक पहुंचाना पैरालीगल वॉलिंटियर्स की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि किसी व्यक्ति की सामाजिक या आर्थिक स्थिति उसके न्याय पाने के अधिकार में बाधा नहीं बननी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है। इसी उद्देश्य को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए पैरालीगल वॉलिंटियर्स को अधिक सक्रिय, संवेदनशील और परिणामोन्मुख भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button