News

जल्द मिलेगा जर्जर गेमन पुल से छुटकारा सेतु निगम के प्रस्ताव को किया गया बजट में शामिल,जान जोखिम में डालकर जर्जर पुल से आवाजाही करने मजबूर…।

ब्यूरो रिर्पोट जाज्वल्य न्यूज जांजगीर चांपा:: रोज सैकड़ों की संख्या में जान हथेली पर लेकर गेमन पुल से आवागमन करने मजबूर हैं। क्योंकि समय पर मरम्मत के अभाव में गेमन पुल से आवाजाही करना खतरे से खाली नहीं हैं। सेतु निगम ने एकबार फिर गेमन पुल के बगल में नया पुल बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। बताया जा रहा है करीब 30 करोड़ के इस प्रस्ताव को बजट में शामिल कर लिया गया है। संभावना जताई जा रही है इस बार हसदेव नदी पर नया पुल निर्माण के लिए मंजूरी मिल जाएगी।

गौरतलब है कि जांजगीर और चांपा को आपस में जोडने के लिए करीब सात दशक पहले हसदेव नदी पर गेमनपुल का निर्माण कराया गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 49 पर पुल स्थित होने के कारण पुल से रोज सैकड़ों की संख्या में दो पहिया, चार पहिया, भारी व ओवरलोड वाहनों की आवाजाही होती है। लगातार वाहनों के आवागमन के कारण पुल भी जवाब देने लगा है। बीते कुछ सालों से पुल की मरम्मत कर काम चलाया जा रहा था। लेकिन अभी लंबे समय से पुल की मरम्मत नहीं हुई है। इसके चलते पुल पर खतरे की घंटी बज रही है। इस बात से सेतु निगम भी अंजान नहीं है। बताया जा रहा है गेमन पुल के बगल में नया पुल निर्माण कराए जाने की योजना है। इसके लिए शासन को सर्वे रिपोर्ट के साथ पुल की लंबाई, चौड़ाई, ऊंचाई आदि की ड्राइंग व डिजाइन तैयार कर करीब 30 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है, जिसे शासन ने बजट में शामिल कर लिया है। संभावना जताई जा रही है कि शीघ्र ही हसदेव नदी पर नया पुल निर्माण के लिए मंजूरी मिल जाएगी।

Back to top button